Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं एनआरडीडी हॉस्पिटल के निःशुल्क आयुर्वेदिक-होम्योपैथिक शिविर में 331 मरीजों की जांच, दवाइयां...

एनआरडीडी हॉस्पिटल के निःशुल्क आयुर्वेदिक-होम्योपैथिक शिविर में 331 मरीजों की जांच, दवाइयां वितरित

झुंझुनूं के चेजारान कर्बला मैदान में एनआरडीडी हॉस्पिटल के निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच करते चिकित्सक

सभापति अब्दुल्ला अगवान ने किया शिविर का शुभारंभ, मधुमेह, रक्तचाप सहित विभिन्न बीमारियों की हुई निःशुल्क जांच

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
आमजन को सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एनआरडीडी हॉस्पिटल, मलसीसर रोड झुंझुनूं की ओर से शहर के वार्ड नंबर 52 स्थित चेजारान कर्बला मैदान में निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 331 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं।

साथ ही मधुमेह, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें भी निःशुल्क की गईं। शिविर का शुभारंभ नगर परिषद झुंझुनूं के सभापति अब्दुल्ला अगवान ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर पार्षद उमर कुरैशी, एडवोकेट अख्तर, इलियास चेजारा, राहुल जेदिया, ताफिक अहमद, जुवेर सैयद, सलीम चेजारा, मनोज कुल्हरी, पूर्व पार्षद सीताराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संस्थान के सचिव डॉ. संदीप ढूकिया ने सभापति अब्दुल्ला अगवान एवं अन्य अतिथियों का साफा पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।

सभापति अगवान ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने के लिए संस्थान को प्रेरित किया, ताकि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। संस्थान सचिव डॉ. संदीप ढूकिया ने बताया कि शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से 167 तथा होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से 164 मरीजों की जांच की गई। इस प्रकार कुल 331 मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं दवाइयों का लाभ मिला। शिविर का मुख्य उद्देश्य मौसमी बीमारियों के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और उचित चिकित्सा परामर्श के लिए प्रेरित करना रहा।

शिविर में अस्थमा, जोड़ों का दर्द, मधुमेह, माइग्रेन, गठिया, अर्श रोग, खून की कमी, चर्म रोग, एसिडिटी, कब्ज एवं रक्तचाप जैसी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर मरीजों को परामर्श दिया गया। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित जीवनशैली अपनाने और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में होम्योपैथिक फिजिशियन प्रो. डॉ. नितिन शर्मा, डॉ. कमलेश सैनी एवं डॉ. सबीना खान तथा आयुर्वेदिक फिजिशियन डॉ. अखिला जी मेनोन, डॉ. प्रबुद्ध शर्मा एवं डॉ. सुनील सैनी ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया।

नर्सिंग स्टाफ से जाकिर नकवी, मोहम्मद मुस्ताक अली, तेजस, मनीषा शर्मा, गरिमा, मानसी, ऋषित, पंकज कुमारी, मनीषा, अंकित एवं प्रियांशु ने सेवाएं दीं। वहीं, लैब तकनीशियन स्टाफ के जुनेद खान ने जांच संबंधी कार्यों में सहयोग किया। शिविर में पंचकर्म थेरेपिस्ट परिजिथ केके एवं उनकी टीम ने अग्निकर्म थेरेपी का प्रदर्शन कर लोगों को इसकी प्रक्रिया एवं उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। टीम ने पंचकर्म चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि एनआरडीडी हॉस्पिटल, मलसीसर रोड झुंझुनूं में विभिन्न प्रकार की थेरेपी की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का लाभ उठाया। संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सुनीता ढूकिया ने बताया कि एनआरडीडी हॉस्पिटल की ओर से भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाएगा। संस्थान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, आमजन को बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा परामर्श एवं उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अतिथियों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Advertisement