Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं कृतज्ञता ही तनावमुक्त जीवन की सबसे बड़ी शक्ति : नवीन जैन

कृतज्ञता ही तनावमुक्त जीवन की सबसे बड़ी शक्ति : नवीन जैन

Screenshot

एस.एस. मोदी विद्या विहार में ‘स्पर्श फॉर टीनेजर्स’ सेमिनार, प्रमुख शासन सचिव ने किशोरों को दिए जीवन कौशल और सकारात्मक सोच के मंत्र

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एस.एस. मोदी विद्या विहार में बुधवार को किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास और जीवन मूल्यों पर केंद्रित ‘स्पर्श फॉर टीनेजर्स’ सेमिनार का प्रभावशाली आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजस्थान सरकार के प्रमुख शासन सचिव (सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं नागरिक उड्डयन) एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवीन जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृतज्ञता का भाव व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत, सकारात्मक और तनावमुक्त बनाता है, जबकि शिकायतों में उलझा मन निराशा और अवसाद की ओर बढ़ता है। उन्होंने कहा कि आज के किशोरों में बढ़ते तनाव और अवसाद के पीछे सबसे बड़ा कारण जीवन में कृतज्ञता का अभाव है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन, समाज के सहयोग और जीवन की छोटी-छोटी खुशियों के प्रति सदैव आभार व्यक्त करें। यही भावना उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाएगी। सेमिनार में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर , डाइट प्राचार्य एवं स्पर्श चैप्टर प्रभारी प्रमेन्द्र कुलहार सहित जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल तथा प्राचार्य विजय मसीह ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

‘थैंकफुलनेस’ और चापलूसी में बताया अंतर

नवीन जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्ची कृतज्ञता नि:स्वार्थ भाव से हृदय से निकलती है, जबकि चापलूसी स्वार्थ से प्रेरित होती है। उन्होंने सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन, डिजिटल अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन कौशल को सफलता की बुनियाद बताते हुए युवाओं से इन्हें जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि ‘स्पर्श फॉर टीनेजर्स’ अभियान के माध्यम से राज्यभर के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को शैक्षणिक तनाव, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, डिजिटल साक्षरता, व्यक्तिगत सुरक्षा और जीवन कौशल के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाया जा रहा है।

केवल किताबों का ज्ञान नहीं, कौशल भी जरूरी : कलेक्टर

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने विद्यार्थियों से सादगीपूर्ण जीवन अपनाने, उपलब्ध संसाधनों का सम्मान करने और समय का सदुपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल पुस्तक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा, व्यवहारिक कौशल और व्यक्तित्व का निरंतर विकास करना चाहिए, ताकि वह भविष्य में जिम्मेदार, संवेदनशील और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला नागरिक बन सके।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य, करियर, तनाव प्रबंधन और जीवन मूल्यों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ताओं ने सरल, व्यवहारिक और प्रेरणादायी शैली में उत्तर दिया। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इस संवादात्मक सत्र को अत्यंत उपयोगी और समयानुकूल बताया। अंत में विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरक व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि एस.एस. मोदी विद्या विहार विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके मानसिक, नैतिक और सामाजिक विकास के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम की सराहना करते हुए मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गीलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Advertisement