झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
निकटवर्ती गांव मालसर निवासी एवं झुंझुनूं की गोल्डन सिटी परिवार के चेयरपर्सन मनोज मालसरिया द्वारा क्यामसर स्थित निर्माणाधीन वीर तेजाजी महाराज मंदिर के निर्माण कार्य के लिए 1.11 लाख रूपये नकद एवं निर्माण सामग्री देने की घोषणा पर राष्ट्रीय जाट महासंघ ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मनोज मालसरिया का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं फूल मालाओं से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कैप्टन शिवप्रसाद चौधरी, झुंझुनूं शहर ब्लॉक अध्यक्ष सूबेदार विजय सिंह बेनीवाल तथा सलाहकार मामराज महला सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। इस मौके पर डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया ने मनोज मालसरिया के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि क्यामसर में जनसहयोग से निर्माणाधीन 165 फीट ऊंचे शिखर वाला वीर तेजाजी महाराज का भव्य मंदिर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में समाज के लोगों का तन, मन और धन से मिल रहा सहयोग आस्था, एकजुटता और सामाजिक समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से यह मंदिर शीघ्र ही भव्य स्वरूप में तैयार होकर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। वहीं उपस्थित लोगों ने भी मनोज मालसरिया के योगदान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
तेजाजी मंदिर निर्माण को मिला जनसहयोग का संबल: मनोज मालसरिया ने 1.11 लाख रूपये व निर्माण सामग्री देने की घोषणा की , राष्ट्रीय जाट महासंघ ने किया सम्मान
Advertisement











