संत रविदास की 650वीं जयंती पर झुंझुनूं में समरसता का महाअभियान

5 से 13 अगस्त तक निकलेगा ‘कलश वंदन अभियान’, जयपुर से रवाना होगा रथ, लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में होगा भव्य स्वागत; संतों के सानिध्य में होगा कलश पूजन

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
संत शिरोमणि श्री गुरू रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 अगस्त से 13 अगस्त तक ‘समरस संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘कलश वंदन अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से संत रविदास के समरसता, सामाजिक समानता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री योगेन्द्र मिश्रा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में 5 अगस्त को जयपुर से विशेष रथ रवाना होगा, जिसका नवलगढ़ सीमा और झुंझुनूं में कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद रथ झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक स्थान पर पवित्र कलश का विधिवत पूजन किया जाएगा तथा संत-महात्माओं का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर टोलियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को पिलानी, 7 अगस्त को सूरजगढ़, 8 अगस्त को खेतड़ी, 9 अगस्त को उदयपुरवाटी, 10 अगस्त को नवलगढ़, 11 अगस्त को मंडावा, 12 अगस्त को झुंझुनूं तथा 13 अगस्त को फतेहपुर में कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योगेन्द्र मिश्रा ने बताया कि अभियान को लेकर सभी विधानसभा क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और प्रत्येक स्थान पर भव्य स्वागत, कलश पूजन तथा समरसता के संदेश से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में अभियान से जुड़कर संत रविदास जी के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।