महिला सुरक्षा में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान: उत्कृष्ट महिला वॉलन्टियर्स का सम्मान

रिजर्व पुलिस लाइन में संवाद कार्यक्रम, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर बोले— महिला सुरक्षा सामाजिक जिम्मेदारी

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
महिला सुरक्षा जागरूकता माह के तहत बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन, झुंझुनूं में महिला वॉलन्टियर्स के साथ संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए समाज में महिला सुरक्षा का सकारात्मक वातावरण बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिदेशक, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार जिले में 1 जुलाई से 29 जुलाई तक चलाए जा रहे महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने महिला वॉलन्टियर्स से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों, कानूनों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक करें। संवाद कार्यक्रम में सुरक्षा सखी, साथिन, महिला अधिवक्ता, एनजीओ कार्यकर्ता, एएनएम, जीएनएम, गृहिणियां, एनएसएस, एनसीसी तथा सीएलजी सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों को राजकॉप सिटिजन ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर सुरक्षा उपाय, नई न्याय संहिताएं, वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर, पोक्सो एक्ट, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, नौकर एवं किरायेदार सत्यापन, शी-बॉक्स , कार्यस्थल पर महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित विशाखा गाइडलाइन एवं कानून तथा वरिष्ठजन संबल योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान थाना स्तर पर चयनित उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला वॉलन्टियर्स को पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं से समाज में जागरूकता फैलाने और महिला सुरक्षा अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत , वृत्ताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका , वृत्ताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण हरिसिंह धायल , अम्बिका चौधरी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।