मिशन हरियालो राजस्थान: कोतवाली थाना बना हरियाली का प्रहरी, 40 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राज्य सरकार के “मिशन हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत झुंझुनूं पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए कोतवाली थाना परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान थाना परिसर और चिन्हित स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के 40 पौधे लगाए गए तथा उनके नियमित संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया गया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका के निर्देशन में किया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी श्रवण कुमार मील ने किया। इस दौरान थाना कोतवाली के पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। थानाधिकारी श्रवण कुमार मील ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करे। उन्होंने आमजन से भी पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में भी पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। “मिशन हरियालो राजस्थान” के तहत आगे भी जिले में पौधारोपण एवं जन-जागरूकता से जुड़े अभियान निरंतर संचालित किए जाएंगे।