कैम्पर गाड़ियों से टक्कर, फायरिंग और जानलेवा हमले के दो मामलों का खुलासा: पांच आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त

गुढ़ागौड़जी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने कैम्पर गाड़ियों से टक्कर मारने, फायरिंग करने और जानलेवा हमला करने के दो सनसनीखेज मामलों का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने की। पुलिस के अनुसार पहला मामला 6 जुलाई 2026 का है। सीथल निवासी वीरेन्द्र सिंह उर्फ गोलू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथी धर्मेन्द्र कुमार और रिश्तेदार विनोद के साथ कार से जितरवालों की ढाणी जा रहा था। चंवरा रोड पर तीन बिना नंबर की कैम्पर गाड़ियों में आए आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया। इसके बाद लोहे के पाइपों से मारपीट की, हवाई फायर किए और जान से मारने के साथ गाड़ी में उठाकर ले जाने की धमकी दी। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने वाहन से कुचलने का भी प्रयास किया। परिवादी ने यह भी बताया कि एक दिन पहले भी आरोपियों ने उसकी गाड़ी में टक्कर मारकर तोड़फोड़ की थी तथा कुल्हाड़ी से हमला कर जान से मारने की धमकी दी थी।दूसरे मामले में काणिका की ढाणी निवासी अंकित ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई को केडिया एरिया-10 कंपनी के पास दो कैम्पर गाड़ियों में सवार आरोपियों ने उसकी पिकअप को टक्कर मारकर रोक लिया। आरोपियों ने लोहे के पाइपों से हमला किया, पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मौके पर लोगों के पहुंचने पर फरार हो गए। जाते समय आरोपी पिकअप में रखे 51 हजार रूपये नकद भी लेकर भाग गए। दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए नवलगढ़ सर्किल और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने लगातार दबिश देकर पांच आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी में विकास कुमार उर्फ फौजी (29) निवासी बल्लू खेड़ड़ की ढाणी, जाखल। विनोद कुमार (28) निवासी जितरवालों की ढाणी, गुढ़ागौड़जी। धर्मेन्द्र उर्फ धर्मा जाखड़ (30) निवासी सुनारी, थाना बबाई। दीप कुमार उर्फ बुलिया (26) निवासी पोसाना, थाना गुढ़ागौड़जी। अभिषेक (21) निवासी काणिका की ढाणी, गुढ़ागौड़जी शामिल हैं । पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने बताया कि दोनों मामलों में गठित विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।