सफाई कर्मचारी भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा सफाई कामगार समाज

सैकड़ों सफाई कर्मियों ने निकाली आक्रोश रैली, जिला कलक्टर को सौंपा 11 सूत्रीय मांगपत्र

चूरू।सफाई कर्मचारी भर्ती को शीघ्र शुरू करने तथा विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को चूरू जिला मुख्यालय पर सफाई कामगार समाज के सैकड़ों लोगों ने आक्रोश रैली निकाली। पंखा सर्किल से जिला कलक्टर कार्यालय तक निकाली गई रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जताया।प्रदर्शन के दौरान पूर्व मनोनीत पार्षद एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अनुसूचित जाति विभाग) के प्रदेश सचिव एडवोकेट अशोक पंवार, मनोज चांवरिया एवं प्रीत चांवरिया ने अर्धनग्न प्रदर्शन करते हुए और चिलचिलाती धूप में नंगे पैर चलकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांगपत्र जिला कलक्टर को सौंपा।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सफाई कर्मी हाथों में झाड़ू लेकर शामिल हुए और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व एडवोकेट अशोक पंवार अपने रक्त को स्याही बनाकर दो बार मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भी विरोध दर्ज करा चुके हैं।अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश चांवरिया ने बताया कि प्रदेशभर में सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चूरू में सांकेतिक आक्रोश रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो प्रदेश स्तर पर ‘झाड़ू डाउन’ आंदोलन शुरू किया जाएगा तथा सफाई कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।मनोज चांवरिया ने कहा कि वर्तमान में सफाई का कार्य मुख्य रूप से वाल्मीकि समाज के लोग कर रहे हैं, इसलिए भर्ती प्रक्रिया में समाज को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस अवसर पर शंभुदयाल हटवाल, कन्हैयालाल चांवरिया, परमेश्वर हटवाल, राजेश चांवरिया, नरेंद्र झुझावत, महेंद्र चांवरिया, पवन हटवाल, बलराम चांवरिया, अभिषेक पंवार, मनीष चंदेलिया, नितिन हटवाल, संदीप पंवार, अंकित कांगड़ा, सियाराम चांवरिया, पंकज हटवाल, किशन हटवाल, प्रियंका देवी, बिन्नू देवी, गंगा देवी, चम्पा देवी, बेबी देवी, अरुणा देवी, सरोज लोहरा, पूजा, पिंकी, अनु सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

प्रमुख मांगें

  • सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
  • लंबित भर्ती मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
  • पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए।
  • सफाई कार्य से जुड़े समुदाय को प्राथमिकता दी जाए।
  • भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सफाई कामगार संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है तो प्रदेशव्यापी ‘झाड़ू डाउन’ आंदोलन शुरू किया जाएगा और सफाई कर्मी सामूहिक हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।