शेखावाटी को मिली यमुना जल की सौगात

प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जताया आभार, भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को बताया ‘राजस्थान का भगीरथ’, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा व शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का भी किया सम्मान; आज जयपुर एयरपोर्ट पर होगा भव्य स्वागत

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शेखावाटी अंचल को वर्षों से प्रतीक्षित यमुना जल की सौगात मिलने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के माध्यम से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों से शेखावाटी की दशकों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है, जिससे क्षेत्र के लाखों लोगों को स्थायी राहत मिलेगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि यमुना जल परियोजना केवल पेयजल उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि शेखावाटी के विकास की नई इबारत है। झुंझुनूं, सीकर और चूरू सहित पूरे क्षेत्र के लिए यह निर्णय ऐतिहासिक साबित होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को “राजस्थान का भगीरथ” बताते हुए नेताओं ने कहा कि उनके अथक प्रयासों से शेखावाटी के सपनों को नई उड़ान मिली है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश बसावतिया के नेतृत्व में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का भी गुलदस्ता भेंटकर अभिनंदन किया गया तथा यमुना जल परियोजना को गति देने में उनके सहयोग और सकारात्मक भूमिका के लिए आभार व्यक्त किया गया। नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित परियोजना अब साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने जानकारी दी कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत किया जाएगा। शेखावाटी क्षेत्र से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जयपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश बसावतिया, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अरुणा सिहाग, महामंत्री मूर्ति मीणा, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय महला, राजेंद्र बीजारणिया सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे शेखावाटी के इतिहास का स्वर्णिम क्षण बताया। नेताओं ने विश्वास जताया कि यमुना जल परियोजना के मूर्त रूप लेने से क्षेत्र में पेयजल संकट का स्थायी समाधान होगा, किसानों को नई संजीवनी मिलेगी और शेखावाटी के विकास को अभूतपूर्व गति प्राप्त होगी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जनकल्याणकारी नेतृत्व और राज्य सरकार की विकासोन्मुख सोच का सशक्त उदाहरण बताया।