बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 400 घरों की बिजली गुल

तीन दिन से बिजली संकट झेल रहे कारीगरान मोहल्ले के लोग सड़कों पर उतरे, पावर हाउस पर किया प्रदर्शन

सीकर। राहुल टांक
शहर में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बीती रात कारीगरान मोहल्ले में बिजली के खंभे पर शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिससे करीब 400 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। अंधेरे और उमस भरी रात गुजारने को मजबूर मोहल्लेवासियों ने गुरुवार को दो नंबर डिस्पेंसरी के पास स्थित पावर हाउस पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया।स्थानीय निवासी मोहम्मद इमरान ने बताया कि पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं। कई बार लाइनमैन और फीडर प्रभारी को शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच दिनभर बिजली कटौती और रात में अंधेरे के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के बाद बिजली निगम अधिकारियों ने मोहल्लेवासियों को बताया कि अत्यधिक लोड के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि कारीगरान मोहल्ले के बिजली लोड को चांदपोल फीडर पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे समस्या का समाधान हो सके।

शहर के कई इलाकों में बढ़ी ट्रिपिंग की समस्या

गर्मी और उमस के कारण बिजली की मांग बढ़ने से जिला मुख्यालय के कई क्षेत्रों में ट्रिपिंग की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। रामलीला मैदान, राधाकिशनपुरा, पुरोहितों की ढाणी, सांवली रोड और जयपुर रोड स्थित कॉलोनियों में बीती रात कई बार बिजली ट्रिप होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।शहरवासियों का कहना है कि बिजली निगम द्वारा कंट्रोल रूम शुरू करने के बावजूद शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है। स्थानीय निवासी कमल कुमार ने बताया कि गर्मियों के मौसम में हर वर्ष ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इसके बावजूद बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि कलेक्टर आवास के सामने स्थित क्षेत्र में भी आए दिन ट्रिपिंग, तार टूटने और फेज उड़ने जैसी समस्याएं बनी रहती हैं, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है।

लोगों की प्रमुख शिकायतें

  • पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली कटौती
  • बार-बार ट्रिपिंग से प्रभावित हो रही दिनचर्या
  • शिकायतों के बावजूद नहीं हो रहा स्थायी समाधान
  • रात में घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर लोग
  • फेज उड़ने और तार टूटने की समस्या से बढ़ी परेशानी ।

बिजली निगम का पक्ष

बिजली अधिकारियों के अनुसार गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने से फीडरों पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए कारीगरान मोहल्ले के लोड को चांदपोल फीडर पर शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है।