खासोली में सार्वजनिक भवन का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिली नई सौगात

एडीजे रेणुका सिंह ने फीता काटकर किया उद्घाटन, जनहित के कार्यों की सराहना

चूरू। जिले के निकटवर्ती ग्राम खासोली में शिव मंदिर के समीप नव निर्मित सार्वजनिक भवन (लोक भवन) का शनिवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रेणुका सिंह ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने की।यह सार्वजनिक भवन समाजसेवी स्वर्गीय चौधरी चिमनाराम दहिया की स्मृति में उनके पुत्र रामकुमार दहिया एवं पौत्र सम्पत कुमार दहिया द्वारा बनवाया गया है। भवन के निर्माण से गांव के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए एक उपयुक्त एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।इस अवसर पर अतिथियों ने जनहित में किए गए इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में आपसी सहयोग, एकजुटता और सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक हित में किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए सम्पत कुमार एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर राधाकृष्ण दहिया, राजपाल, भागचंद, उम्मेद, सुरेन्द्र, महेन्द्र, प्रताप, पूर्व सरपंच जयचंद, संत कुमार, सुल्तान दहिया, हरफूल आर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों को होंगे ये लाभ

  • सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा
  • सामुदायिक बैठकों और समारोहों के लिए स्थायी स्थान
  • ग्रामीणों के लिए जनहित गतिविधियों का नया केंद्र
  • गांव में सामाजिक एकता और सहभागिता को मिलेगा बढ़ावा