जन्मभूमि से जुड़ाव बताते हुए बोले—प्रवासी होने का आरोप निराधार, प्रवासियों और भामाशाहों के सहयोग से गांव के विकास को देंगे गति
देसूरी । पाली। प्रहलादसिंह
देसूरी में द्वितीय चरण के पंचायतीराज चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गांव की सरकार चुनने को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पंच और सरपंच पदों के प्रत्याशी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। गांवों और ढाणियों में जनसंपर्क के साथ चौपालों का दौर भी जारी है।
इसी क्रम में देसूरी ग्राम पंचायत के सरपंच प्रत्याशी कांतिलाल प्रजापत ने अपने समर्थकों के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। उन्होंने ग्राम पंचायत के विभिन्न वार्डों और बस्तियों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
गांव का विकास प्राथमिकता: कांतिलाल प्रजापत
जनसंपर्क के दौरान कांतिलाल प्रजापत ने कहा कि देसूरी का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि देसूरी उनकी जन्मभूमि और पैतृक गांव है, इसलिए उनका गांव से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे प्रवासी होने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका बाहर व्यवसाय जरूर है, लेकिन उनकी जन्मभूमि देसूरी ही है।
प्रवासियों और भामाशाहों के सहयोग से विकास का वादा
प्रजापत ने कहा कि प्रवासियों, भामाशाहों के सहयोग और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देसूरी के विकास को गति दी जाएगी। उन्होंने गांव को विकसित बनाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
चुनाव नजदीक आने के साथ ही देसूरी में प्रत्याशियों का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। अब प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचकर अपनी प्राथमिकताओं और विकास संबंधी योजनाओं के जरिए समर्थन जुटाने में लगे हैं।













