सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरण प्रेमी बीरबल नोखवाल के जन्मदिन पर किया पौधरोपण
चूरू। धरती को हरा भरा एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए हमें प्रत्येक मानसून सीजन में सघन पौधारोपण करना बेहद जरूरी है। पर्यावरण सरंक्षण के लिए पौधारोपण करना ही हमारे पास सबसे मजबूत विकल्प है। समाजसेवी परमेश्वर लाल दर्जी ने घांघू क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी बीरबल नोखवाल के जन्मदिन पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में यह कहा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे हमारे जीवन का आधार हैं, पेड़ वायु एवं जल प्रदूषण को कम कर मिट्टी का सरंक्षण करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें शुभ अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण में भागीदारी निभानी चाहिए। पौधारोपण के इस आयोजन में समाजसेवी परमेश्वरलाल दर्जी ने पर्यावरण प्रेमी बीरबल नोखवाल को जन्मदिन की बधाई देते हुए दीर्घायु एवं खुशहाल जीवन की कामना का आशीर्वाद दिया।पर्यावरण प्रेमी बीरबल नोखवाल के जन्मदिन पर आयोजित पौधारोपण के इस कार्यक्रम में गोगामेड़ी परिसर एवं श्रीबैकुंठ मुक्तिधाम घांघू में जामुन, नीम, बकाण, गुलमोहर सहित छायादार, फलदार एवं फूलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी बीरबल नोखवाल ने कहा कि इस मानसून सत्र में प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम दो पौधे लगाकर उन्हें पेड़ बनने तक उनकी सुरक्षा करनी चाहिए। जल, जंगल और जमीन के सरंक्षण के लिए पौधारोपण आज की महत्त्वपूर्ण जरूरत है। हमें युवा पीढ़ी को पौधारोपण के महत्त्व के बारे में जागरूक कर उन्हें अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।शिक्षाविद मुरारीलाल बाटू ने कहा की प्राण वायु ऑक्सीजन हमें पेड़ पौधों से ही मिलती है। पेड़ प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान कर हमारी धरती की सुंदरता बढ़ाते हैं। हमारे जीवन की खुशहाली के लिए धरती पर सघन पेड़ अत्यधिक जरूरी हैं। उन्होंने कहा की पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है हमें पेड़ बनने तक उनकी सुरक्षा भी करनी चाहिए। इस अवसर पर सुनील कुमार जांगिड़, दिनेश कुमार, धर्मेश, रमेश मौजूद रहे।













