श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर किया रावण के पुतले का दहन, तनवीर खान बोले—रावण दहन का उद्देश्य अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करना
चूरू। दशहरा पर्व के अवसर पर शहर की रेलवे कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर विकास समिति की ओर से रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार ने अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। पुतला धू-धूकर जलते ही उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कॉलोनीवासियों ने भाग लिया। रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। दशहरा पर्व को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।
अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करने का संदेश
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य तनवीर खान ने कहा कि दशहरा हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और जीवन में सत्य, मर्यादा तथा सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रावण दहन का वास्तविक उद्देश्य अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध और अन्य बुराइयों को समाप्त करना है। उनहोंने हनुमानकला मंच समिति को 51 हजार रूपये की सहयोग राशि प्रदान करते हुए कलाकारों के विकास के लिए तैयार रहने का आश्वासन दिया।
भगवान श्रीराम की आरती और आतिशबाजी
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और श्रीहनुमानजी का राजतिलक किया। इसके बाद विजयदशमी के उपलक्ष्य में आतिशबाजी की गई। हनुमान मंदिर विकास समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक सुरेश माथुर, एडवोकेट नासिर खान, एसएसई चूरू ख्याली राम मीणा, टीआरडी जयप्रकाश राजपुरोहित, राजेश चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।













