Advertisement
Home राजस्थान पाली बाली के सोकड़ा गांव में दिखे 10 और 12 फीट लंबे विशाल...

बाली के सोकड़ा गांव में दिखे 10 और 12 फीट लंबे विशाल अजगर, वन्यजीव टीम ने किया रेस्क्यू

पाली के बाली उपखंड के सोकड़ा गांव में मिले 10 और 12 फीट लंबे विशाल अजगरों का वाइल्ड एंड स्ट्रीट एनिमल रेस्क्यू टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू

बेरे पर जंगली सियार को शिकार बनाने की कोशिश की, अजगरों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

पाली।प्रहलादसिंह

पाली जिले के बाली उपखंड के सोकड़ा गांव में दो विशालकाय अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दोनों अजगरों की लंबाई करीब 10 और 12 फीट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक बेरे पर अजगरों ने जंगली सियार को शिकार बनाने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में चिंता फैल गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने वाइल्ड एंड स्ट्रीट एनिमल रेस्क्यू टीम, बाली को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य कांतिलाल प्रजापत, सकाराम और दिलीप सेन मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक प्रयास करते हुए दोनों अजगरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अजगरों को सुरक्षित तरीके से हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील

रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि बाली उपखंड क्षेत्र में कहीं भी अजगर, तेंदुआ या अन्य वन्यजीव आबादी वाले इलाके में दिखाई दें तो उनके नजदीक जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने से भी बचें।

टीम ने कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत वाइल्ड एंड स्ट्रीट एनिमल रेस्क्यू टीम, बाली अथवा वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Advertisement