खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत मानोता कलां के गांव झुझारपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर थे, जबकि अध्यक्षता पं.स. सदस्य घोटी देवी ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने विधिवत रूप से फीता काट कर सड़क नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनकल्याण को समर्पित लगभग 2 करोड़ 35 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न कार्यों की शुरूआत की गई। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए आगामी समय में 2 करोड़ 16 लाख की लागत के अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं, जिनके माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर तत्काल सकारात्मक पहल करते हुए झुझारपुर गांव में 17 लाख की लागत से थ्री-फेस ट्यूबवेल निर्माण की घोषणा की गई। इस घोषणा से ग्रामीणों, विशेष रूप से महिलाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि ट्यूबवेल बनने से लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क, पेयजल, बिजली एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सुधार हो सके। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अतिथियों का माल्यार्पण व साफा पहनाकर स्वागत किया तथा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एडवोकेट रोहिताश मनकश, सतीश कुमार, बबलू अवाना, रामचंद्र, राजपाल, सुरेश, मदनलाल, अशोक कुमार, सुनील कुमार, राकेश कुमार, कपिल कुमार, हरिश कुमार, विकास सहित अनेक लोग मौजूद रहें I
खेतड़ी के झुझारपुर में विकास कार्यों की सौगात, विधायक ने 2.35 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण व शिलान्यास
Advertisement





