खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी क्षेत्र के ढाणी भरगड़ान स्थित एक लोहे की फैक्ट्री में बुधवार को गैस लीक होने की घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर को तत्काल उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल खेतड़ी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार घायल मजदूर की पहचान झारखंड के दरीबा निवासी पवन कुमार (25) पुत्र रिवा सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन कुमार काफी समय से ढाणी भरगड़ान स्थित लोहे की फैक्ट्री में कार्यरत था और यहीं रहकर मजदूरी कर रहा था। बुधवार को फैक्ट्री में लोहे की गाटर काटने के काम के दौरान अचानक गैस रिसाव हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। इस दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री कर्मचारियों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। राजकीय उप जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जलन और स्थिति नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए बीडीके अस्पताल झुंझुनूं रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों में भी दहशत का माहौल देखा गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। गैस रिसाव के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की संभावना जताई जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल घायल मजदूर का झुंझुनूं में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ढाणी भरगड़ान में लोहे की फैक्ट्री में गैस लीक होने से मजदूर झुलसा, गंभीर हालत में झुंझुनूं रेफर
Advertisement










