Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं भारत नेट फेज-3 से झुंझुनूं के गांव होंगे डिजिटल रूप से सशक्त

भारत नेट फेज-3 से झुंझुनूं के गांव होंगे डिजिटल रूप से सशक्त

झुंझुनूं नगर निकाय चुनाव 2026 में मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील

301 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगी हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा, बीएसएनएल ने लॉन्च किए किफायती एफटीटीएच प्लान

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल क्रांति को गति देने की दिशा में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने झुंझुनूं जिले की सभी 301 ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा से जोड़ने की महत्वाकांक्षी भारत नेट फेज-3 परियोजना शुरू की है। इस योजना के तहत सभी ग्राम पंचायतों को अत्याधुनिक रिंग टेक्नोलॉजी से जोड़ा जाएगा, जिससे ऑप्टिकल फाइबर केबल किसी एक स्थान पर क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में भी इंटरनेट सेवा बाधित नहीं होगी। बीएसएनएल झुंझुनूं के प्रधान महाप्रबंधक पवन खत्री ने बताया कि भारत नेट परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करते हुए डिजिटल विभाजन को समाप्त करना और गांवों को आधुनिक संचार व्यवस्था से जोड़ना है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन सेवाओं तथा स्वरोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए बीएसएनएल ने दो नए एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) ब्रॉडबैंड प्रोत्साहन प्लान भी लॉन्च किए हैं। रूरल एंट्री प्लान-259 के तहत उपभोक्ताओं को मात्र 259 रुपये प्रतिमाह में 700 जीबी तक डेटा, 25 एमबीपीएस स्पीड, असीमित वॉयस कॉलिंग तथा निःशुल्क मॉडेम इंस्टॉलेशन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ वेव्स ओटीटी सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं फाइबर बेसिक प्लान-499 में 499 रूपये प्रतिमाह पर 3300 जीबी तक डेटा और 60 एमबीपीएस की हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा प्रदान की जाएगी। इस योजना में निःशुल्क इंस्टॉलेशन और ओएनटी उपकरण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही पहले माह का किराया नहीं लिया जाएगा तथा शुरूआती तीन माह तक 100 रुपये प्रतिमाह की विशेष छूट भी दी जाएगी। उपभोक्ता 400 से अधिक आईएफटीवी चैनलों का लाभ बिना अतिरिक्त शुल्क के प्राप्त कर सकेंगे।बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत इच्छुक युवा भारत उद्यमी योजना से जुड़कर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ने से डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन व्यवसाय और ई-कॉमर्स गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा I बीएसएनएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए निकटतम बीएसएनएल सेवा केंद्र से संपर्क करें अथवा bsnl.co.in⁠ पर जानकारी प्राप्त करें। — प्रमोद कुमार, सहायक महाप्रबंधक, बीएसएनएल, झुंझुनूं
Advertisement