वार्ड नंबर 6 में चुनावी मुकाबला दिलचस्प, पांच दावेदारों ने झोंकी ताकत

विकास, सफाई और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर जनता के बीच पहुंच रहे प्रत्याशी

सीकर। राहुल टांक
नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर शहर के वार्ड नंबर 6 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बार वार्ड में मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है, जहां पांच प्रमुख प्रत्याशी जनता के बीच सक्रिय होकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।वार्ड नंबर 6 से समाजसेवी संतोष कुमार खटीक, भाजपा से जुड़े पूर्व पार्षद अनुराग बगड़िया, कांग्रेस के युवा नेता सम्पत बागड़ी, पूर्व पार्षद कामरेड हरि भाई तथा निर्दलीय युवा नेता आकाश सामरिया चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं। घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है तथा क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस बार चुनाव में सड़क, पेयजल, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनसुविधाओं के मुद्दे प्रमुख रहेंगे। मतदाता भी ऐसे जनप्रतिनिधि के चयन पर जोर दे रहे हैं, जो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कर विकास कार्यों को गति दे सके।फिलहाल वार्ड में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ है और सभी प्रत्याशी मतदाताओं का विश्वास जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड नंबर 6 की जनता किस उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि चुनती है। इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।