टैलेंट्स विला के सांस्कृतिक आयोजन में प्रवासी भारतीय मीनाक्षी सौरभ ने की शिरकत, कलाकारों की प्रतिभा को सराहा
चूरू। टैलेंट्स विला की ओर से रविवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में साहित्य, संगीत और कला का सुंदर समागम देखने को मिला। कार्यक्रम में कविता, गजल, गीत, हास्य और संगीत की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। राजस्थान एसोसिएशन ऑफ घाना की उपाध्यक्ष एवं प्रवासी भारतीय मीनाक्षी सौरभ कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।इस अवसर पर मीनाक्षी सौरभ ने कहा कि विदेश में निवास करने के बावजूद हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव उन्हें विशेष गर्व का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराओं और भाषा को जीवंत बनाए रखने में इस प्रकार के मंचों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने भारत और अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरा लगाव भी व्यक्त किया।कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी सौरभ ने गजल प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। उन्होंने कहा कि टैलेंट्स विला स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।कार्यक्रम में भारत और प्रदीप कुमार की विशेष मौजूदगी रही। मंच पर बजरंग कथक, भगवती पारीक, लीलाधर कथक, ओम भगतानी, संदीप जांगिड़, मोहन सोनी, विनोद, ऋतु निराणिया, ममता, मनीष शर्मा, नूर और राहुल कांगड़ा सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।हास्य कवि आशीष गौतम ‘आशु’ ने अपनी हास्य रचनाओं और चुटीले अंदाज से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार देर तक ठहाकों से गूंजता रहा।टैलेंट्स विला के संस्थापक प्रदीप कथक ने बताया कि संस्था पिछले एक वर्ष से क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य छिपी हुई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम के अंत में सरिता शर्मा ने सभी अतिथियों, कलाकारों और श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि संचालन पूनम शर्मा ने किया।










