बिना दस्तावेज बजरी परिवहन करते पकड़ा गया आरोपी, हरियाणा सीमा से सटे क्षेत्र में अवैध खनन पर सख्ती
खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बबाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान कालोटा स्टैंड से करीब 200 मीटर दूर बबाई मार्ग पर एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में जाता दिखाई दिया। ट्रॉली में भरी बजरी सड़क पर गिरती नजर आने पर पुलिस ने वाहन को रूकवाकर जांच की। पुलिस जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली में बजरी भरी हुई पाई गई। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजेंद्र निवासी ताल, थाना बबाई बताया। बजरी परिवहन से संबंधित रवन्ना और रॉयल्टी दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।उल्लेखनीय है कि खेतड़ी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीण कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवैध खनन की जानकारी दे चुके हैं। खनन क्षेत्र हरियाणा सीमा से सटा होने के कारण खनिज संपदा का अवैध दोहन कर सरकार को राजस्व हानि पहुंचाए जाने की आशंका लगातार बनी हुई है। थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध बजरी कहां से लाई गई थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी राजपाल सिंह, एएसआई पप्पूराम, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल रविकांत सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। बबाई पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने भी स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध खनन और खनिज परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










