चार थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज; नशे के नेटवर्क की जांच शुरू
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झुंझुनूं पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर कुल 723 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। एक ही दिन में हुई इन कार्रवाइयों को जिले में नशे के कारोबार पर अब तक की सबसे प्रभावी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा संबंधित वृताधिकारियों के सुपरविजन में पचेरी कलां, सूरजगढ़, उदयपुरवाटी और चिड़ावा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह सफलता हासिल की। पुलिस की इस मुहिम से नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार पचेरी कलां थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए भालोठ रोड पर सुनिल पुत्र रामनिवास निवासी भालोठ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 90 ग्राम गांजा बरामद किया। वहीं सूरजगढ़ थाना पुलिस ने पिलोद-बिजोली मार्ग पर नाकाबंदी कर सतीश कुमार पुत्र राजेन्द्र निवासी चिम्मा का बास को पकड़कर उसके पास से 229 ग्राम गांजा जब्त किया। इसी क्रम में उदयपुरवाटी थाना पुलिस ने नगरपालिका के सुलभ कॉम्पलेक्स के पास स्थित एक लकड़ी की थड़ी पर दबिश देकर गिरधारीलाल पुत्र नत्थूराम निवासी उदयपुरवाटी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 265 ग्राम गांजा बरामद किया। वहीं चिड़ावा थाना पुलिस ने ब्रह्मचारी की कुटिया के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े रामपाल पुत्र बुद्धराम निवासी भगतों का मोहल्ला, चिड़ावा को गिरफ्तार कर उसके पास से 139 ग्राम गांजा बरामद किया। चारों मामलों में पुलिस ने अवैध गांजा जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुल बरामदगी 723 ग्राम अवैध गांजा , 4 आरोपी गिरफ्तार और 4 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई हुई I जिलेभर में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि झुंझुनूं पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही है।










