खेतड़ी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : 4.47 किलो गांजा बरामद, पवन कुमार गिरफ्तार

खेतड़ी पुलिस व डीएसटी झुंझुनूं की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी के घर से मिला अवैध मादक पदार्थ

खेतड़ी I झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खेतड़ी पुलिस और डीएसटी झुंझुनूं ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 किलो 47 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी जुल्फीकार अली के सुपरविजन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। कार्रवाई का नेतृत्व मोहनलाल, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना खेतड़ी तथा हेमराज मीणा, प्रभारी डीएसटी झुंझुनूं ने किया।पुलिस के अनुसार शनिवार को थानाधिकारी मोहनलाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा को मुखबिर से सूचना मिली कि रवां गांव निवासी पवन कुमार अवैध रूप से गांजे की बिक्री में संलिप्त है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल संयुक्त टीम का गठन कर आरोपी के घर पर दबिश दी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत पवन कुमार पुत्र मुकेश कुमार (25 वर्ष), निवासी रवां, थाना खेतड़ी को डिटेन कर उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से 4 किलो 47 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी।इस कार्रवाई में डीएसटी झुंझुनूं की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में हेमराज मीणा (प्रभारी डीएसटी), दिनेश कुमार, बुलेश कुमार, चौखाराम (मुख्य भूमिका), अमित कुमार, सुनील, गौतम तथा चालक रामोतार शामिल रहे।वहीं खेतड़ी थाना पुलिस की टीम में मोहनलाल (थानाधिकारी), धुडसिंह, हरिराम, महेश, शकुंतला एवं नीरज ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्रवाई को सफल बनाया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे का कारोबार करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त कराया जा सके।