झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
स्थानीय मिल्लत नगर स्थित चायल परिवार के हाजियों के 45 दिवसीय पवित्र हज सफर से वतन लौटने पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मक्का-मदीना की मुकद्दस हज यात्रा के तमाम अरकान पूर्ण कर लौटे हाजियों का ऑल इंडिया जमीयतुल कुरेश संस्था एवं लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शहर के गणमान्य नागरिकों ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया।संस्था अध्यक्ष उमर कुरेशी एवं डॉ. देवेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में आयोजित समारोह में हाजियों को माला पहनाकर, साफा बंधवाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का माहौल धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे से सराबोर रहा। इस अवसर पर हाजियों ने मक्का और मदीना शरीफ से लाया गया पवित्र आब-ए-जमजम तथा खजूर उपस्थित लोगों को वितरित किए और सभी के लिए दुआएं कीं। हाजियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हज यात्रा जीवन का एक आध्यात्मिक और अविस्मरणीय अनुभव है, जहां पूरी दुनिया से आए लाखों मुसलमान एकता, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देते हैं। हाजियों ने विशेष रूप से भारत की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ करते हुए कहा कि हमारे प्यारे देश में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारा हमेशा कायम रहे। सभी धर्मों और समाजों के लोग मिल-जुलकर देश को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं तथा विश्व पटल पर भारत का मान-सम्मान और अधिक बढ़े। समारोह में सफी नागौरी (जिला सचिव), हाजी फारूक अलादीन (कोषाध्यक्ष), गोपाल कृष्ण गुप्ता (सचिव, लायंस क्लब), शिवकुमार जांगिड़ (उपाध्यक्ष), अल्ताफ अली कच्छावा (अपेक्स स्काईलाइन), शौकत खान, मकबूल काजी, हाजी सफी तेली, असगर लीलगर, खुर्शीद चौहान, रमजान कुरेशी, अकबर चोपदार, हुसैन गहलोत, अनीस खान, अशफाक कुरैशी, अली मोहम्मद, इदरीस ठेकेदार, सलीम खोखर, रशीद मनियार, ईद मोहम्मद, नासिर कुरेशी, सफीक, समद नागौरी, इदरीस काजी, अनवर टांक, शोयब खान, शकील खान, इस्लाम खान सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में हाजियों के सम्मान में सामूहिक दुआ की गई तथा समाज में एकता, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।













