12 लाख के खेल मैदान निर्माण पर उठे सवाल: चिरानी के युवाओं का फूटा गुस्सा, गुणवत्ता जांच की मांग

ग्रामीणों ने विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, अनियमितता मिलने पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
उपखंड क्षेत्र के गांव चिरानी स्थित राजकीय विद्यालय के खेल मैदान में विधायक कोष से स्वीकृत 12 लाख रूपये की लागत से चल रहे ट्रैक निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को रामनिवास लादी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच, गुणवत्ता की पड़ताल तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि खेल मैदान में ट्रैक निर्माण के लिए विधायक कोष से 12 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे सरकारी धन के दुरूपयोग की आशंका पैदा हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण की गुणवत्ता की जांच नहीं करवाई गई तो भविष्य में खेल मैदान खिलाड़ियों के उपयोग के योग्य नहीं रहेगा। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब गांव के युवा और स्थानीय लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री तथा तकनीकी मानकों के संबंध में ठेकेदार और सरपंच से जानकारी मांगते हैं तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। इससे ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है।ज्ञापन में मांग की गई है कि निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए, गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए तथा यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो वे निर्माण कार्य रुकवाकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में रामनिवास लादी, दीपक फौजी, संदीप कुमार, पंकज, अनिल, अजीत, शेर सिंह, संदीप लादी, अजय कुमार, रामनरेश, राजेंद्र बिवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे।