स्थानीय स्तर पर एसडीएम – एसीएम कार्यालय खोलने और उपखंड का दर्जा देने की मांग, अनिश्चितकालीन धरना जारी
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

गुढ़ागौड़जी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
गुढ़ागौड़जी को उपखंड का दर्जा देने तथा स्थानीय स्तर पर एसडीएम – एसीएम कार्यालय स्थापित कर राजस्व मामलों की सुनवाई शुरू करने की मांग को लेकर चल रहा जनआंदोलन शुक्रवार को और अधिक उग्र हो गया। सर्व समाज के आह्वान पर कस्बे में विशाल विरोध रैली निकाली गई, जिसमें व्यापारी, किसान, अधिवक्ता, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। रैली तहसील परिसर से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों और मुख्य बाजार से होते हुए भोड़की चौराहे तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए गुढ़ागौड़जी को उपखंड बनाने और एसीएम कार्यालय खोलने की मांग बुलंद की। और मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री का पुतला फूंककर विरोध जताया । आंदोलन के दौरान सूबेदार याकूब अली ने कहा कि गुढ़ागौड़जी जैसे बड़े क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि यहां तत्काल एसीएम कार्यालय स्थापित कर उपखंड कार्यालय खोला जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।वहीं युवा नेता जेपी महला ने बताया कि भोड़की चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री का पुतला फूंककर सरकार के फैसले के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राजस्व मामलों की सुनवाई उदयपुरवाटी में होने से हजारों लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और धन दोनों की अनावश्यक बर्बादी होती है। यदि गुढ़ागौड़जी में ही एसडीएम – एसीएम कार्यालय और उपखंड कार्यालय स्थापित किए जाएं तो क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।रैली के समापन के बाद सभी प्रदर्शनकारी पुनः तहसील परिसर पहुंचे, जहां उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा।आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सरकार गुढ़ागौड़जी में स्थानीय स्तर पर राजस्व मामलों की सुनवाई शुरू करने, एसडीएम – एसीएम कार्यालय स्थापित करने और उपखंड का दर्जा देने संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा। क्षेत्र के सर्व समाज ने भी मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।













