हरियाणा सीमा पर बुहाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब का जखीरा जब्त, एक गिरफ्तार

40 ब्रांड की देशी-विदेशी शराब बरामद, हिस्ट्रीशीटर की तलाश में जुटी पुलिस

बुहाना I झुंझुनूं जिले की बुहाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हरियाणा सीमा से सटे क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी और बिक्री के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में बुहाना थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी बिमला बुडानिया के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी विकास मान पुत्र धर्मपाल ( 30 वर्ष ), निवासी भिर्र, थाना बुहाना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार 13 जून को गश्त के दौरान सहायक उपनिरीक्षक नरेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुहाड़वास की रोही में कुहाड़वास-सतनाली मार्ग पर स्थित एक टीनशेड के खोखे में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान खोखे में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम विकास मान बताया। पुलिस द्वारा शराब बिक्री के संबंध में लाइसेंस एवं अनुज्ञापत्र मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह पचेरी थाना क्षेत्र के सोहली निवासी विनोद के कहने पर सेल्समैन के रूप में शराब बेच रहा था।

भारी मात्रा में शराब बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 कार्टन देशी शराब , 4 पेटी बीयर , 10 बोतल हीर-रांझा देशी शराब एवं व्हाइटलेस व्हिस्की , 52 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब , 118 अध्धे विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब , 195 पव्वे राजस्थान निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब जब्त की। बरामद शराब में कुल 40 अलग-अलग ब्रांड शामिल हैं।पुलिस ने आरोपी विकास मान को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पचेरी कलां थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर विनोद निवासी सोहली का नाम सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी बिमला बुडानिया, सहायक उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, कांस्टेबल प्रकाश तथा चालक कांस्टेबल बलकेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।