राष्ट्रीय जाट महासंघ ने किया सम्मान, 165 फीट ऊंचे भव्य मंदिर निर्माण में बढ़ रहा जनसहयोग
चिड़ावा।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज के निर्माणाधीन भव्य मंदिर के लिए समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शहर की सूरजगढ़ रोड स्थित विजय बोरवेल कम्पनी के प्रोपराइटर विजय भाम्बू एवं अरविंद महला (.पुत्र पूर्व सरपंच शीशराम सूजडोला ) ने तेजाजी मंदिर क्यामसर के निर्माण कार्य हेतु एक लाख रूपये नगद तथा निर्माण सामग्री देने की घोषणा की। उनके इस सराहनीय योगदान पर राष्ट्रीय जाट महासंघ के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। राष्ट्रीय जाट महासंघ के जिला संगठन महामंत्री एसआई कंवरपाल बलवदा, चिड़ावा युवा तेजा सेना प्रभारी अनूप भालोठिया तथा सिंघाना ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम ओला ने विजय भाम्बू एवं अरविंद महला का शॉल, साफा और पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने दोनों दानदाताओं के योगदान की प्रशंसा करते हुए इसे धार्मिक एवं सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। कार्यक्रम में विजय बोरवेल कम्पनी के मैनेजर अजय कुमार ने आगंतुक पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित एवं धर्महित के कार्यों में सहयोग करना सभी का दायित्व है और संस्था भविष्य में भी ऐसे कार्यों में अपनी भागीदारी निभाती रहेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र क्यामसरिया ने बताया कि जनसहयोग से झुंझुनूं जिले के क्यामसर गांव में निर्माणाधीन लोकदेवता तेजाजी महाराज का 165 फीट ऊंचा भव्य मंदिर देश में अपनी तरह का सबसे बड़ा मंदिर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में आमजन तन, मन और धन से बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं, जिसके कारण यह महत्वाकांक्षी परियोजना तेजी से आकार ले रही है। उन्होंने समाज के लोगों से इस पुनीत कार्य में अधिकाधिक सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।










