ग्रीष्मकालीन शिविर में छात्राओं और महिलाओं ने प्लास्टिक बोतलों में पॉलीथिन भरी , विश्व पर्यावरण दिवस पर होंगे विविध जागरूकता कार्यक्रम
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनूं एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन अभिरूचि कला-कौशल प्रशिक्षण शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता सप्ताह के पांचवें दिन प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने की दिशा में एक अनूठी पहल की गई। शिविर में प्लास्टिक कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलते हुए “ईको ब्रिक्स” तैयार किए गए, जिन्हें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।.कार्यक्रम मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा के मुख्य आतिथ्य, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेश कुमार मील की अध्यक्षता तथा पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के कार्यकर्ता विजेंद्र कुमार के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने कहा कि प्लास्टिक की खाली बोतलों में अनुपयोगी पॉलीथिन एवं अन्य प्लास्टिक कचरे को भरकर तैयार किए जाने वाले ईको ब्रिक्स पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि इनका उपयोग बैठने की बेंच, फूलदान, छोटी दीवारों, पौधों के गमले तथा अन्य रचनात्मक कार्यों में किया जा सकता है। इससे प्लास्टिक कचरे का पुनः उपयोग संभव होने के साथ-साथ पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में भी मदद मिलेगी। सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि यह पहल प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने आमजन से अपने घरों में उपयोग होने वाली प्लास्टिक की बोतलों एवं पॉलीथिन को एकत्रित कर ईको ब्रिक्स बनाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। पर्यावरण प्रेमी एवं व्याख्याता विजेंद्र कुमार ने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस प्रकार की छोटी-छोटी पहल करे तो प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह अभियान “कचरे से संसाधन” की अवधारणा को साकार करते हुए पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेश कुमार मील ने बताया कि शिक्षा विभाग, स्काउट-गाइड, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घर-घर में ईको ब्रिक्स तैयार करने की आदत विकसित होने से झुंझुनूं जिले को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी। शिविर में भाग ले रही छात्राओं एवं महिलाओं ने प्लास्टिक की बोतलों में पॉलीथिन भरकर इस अभियान की शुरूआत की। कार्यक्रम में विजेंद्र कुमार, रामसिंह कुलहरी, रामचंद्र मीणा, विजेता नेहरा, सुनीता बेनीवाल, मुकेश कुमार, रेणु सैनी, राज किरण, सुमित्रा सैनी, दिनेश कुमार, अमरचंद तथा सुरेंद्र किरोड़ीवाल सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर होंगे विविध आयोजन
सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्काउट-गाइड कार्यालय में निबंध, भाषण, चित्रकला, मुखौटा निर्माण, क्विज, सेमिनार, वार्ता, पौधारोपण, नाटक, सीड बॉल निर्माण, रैली तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा।










