खेतड़ी में कर्मचारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, राजकीय अवकाश के दिनों में कार्य नहीं करवाने की मांग

खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी में गुरूवार को राजस्थान कृषि पर्यवेक्षक, पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी संयुक्त समन्वय समिति ने राज्य के कर्मचारियों से अवकाश के दिनों में कार्य लेने की प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। एसडीएम सुनील कुमार चौहान के मार्फत दिए ज्ञापन में राजकीय अवकाश के समय काम नहीं करवाने की मांग की है। कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2008 से राज्य कर्मचारियों के लिए लागू पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था का उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना तथा उन्हें पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना था। समिति ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों, शिविरों, ग्राम सभाओं, चौपालों एवं अन्य अभियानों का आयोजन प्रायः शनिवार, रविवार तथा राजकीय अवकाश के दिनों में किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। बड़े एवं मुख्य कार्यालयों में अवकाश के दिन कार्य लेने पर कर्मचारियों को अवकाश अथवा अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, जबकि पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक एवं ग्राम विकास अधिकारियों के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। इसके कारण दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारी लंबे समय तक अपने परिवार से दूर रहने को मजबूर हैं।समिति ने निर्णय लिया है कि भविष्य में शनिवार, रविवार एवं राजकीय अवकाश के दिनों में केवल आपातकालीन एवं संकट की स्थिति में ही कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की बैठक, शिविर, ग्राम सभा, चौपाल, निरीक्षण अथवा अन्य कार्यक्रमों में भाग नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी मांगों पर जल्द कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तो कर्मचारियों ने अवकाश के दिनों में कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी है। इस मौके पर रमेश कुमार, रेणु मीणा, पवन कुमार, महेंद्र, चौथूराम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।