Advertisement
Home राजस्थान चूरू डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में पीड़ित को राहत, साइबर थाना पुलिस ने...

डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में पीड़ित को राहत, साइबर थाना पुलिस ने 38 हजार रूपये करवाए रिफंड

व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर खुद को एटीएस अधिकारी बताकर की थी 36 लाख रूपये से अधिक की ठगी

चूरू । कोतवाली क्षेत्र में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित को राहत देते हुए 38 हजार रूपये की राशि रिफंड करवाई है। मामले में पुलिस शेष राशि की रिकवरी और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।साइबर थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित के परिजन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके पिता के मोबाइल पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एटीएस कंट्रोल रूम पुणे का अधिकारी राजेश कुमार बताया।आरोपी ने पीड़ित को कहा कि उनके नाम के दस्तावेजों से दिल्ली में बैंक खाता खुला है, जिसमें 80 लाख रूपये कमीशन के रूप में आए हैं। इसके बाद कथित अधिकारी ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट कर लिया।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने डर और दबाव का माहौल बनाकर पीड़ित से 36 लाख रूपये से अधिक की राशि हड़प ली। जब पीड़ित ने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई गई।मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न खातों में गई राशि को ट्रैक कर 38 हजार रूपये पीड़ित के खाते में रिफंड करवाए हैं। पुलिस ने बताया कि शेष राशि की रिकवरी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, डिजिटल अरेस्ट या सरकारी एजेंसी बनकर दी जाने वाली धमकियों से घबराएं नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।

Advertisement