राणासर गांव में गहराया बिजली संकट, ग्रामीणों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी

झूलते तार, क्षतिग्रस्त पोल और कम वोल्टेज से परेशान ग्रामीण, सरपंच प्रतिनिधि ने एईएन को सौंपा ज्ञापन

चूरू। जिले के राणासर गांव में लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। सरपंच प्रतिनिधि मजीद खान ने समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एईएन को ज्ञापन सौंपा है तथा जल्द समाधान नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में झूलते बिजली के तार, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और कम वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमराने से हालात और अधिक खराब हो गए हैं।मजीद खान ने बताया कि गांव में बिजली खराब होने पर विभागीय कर्मचारी समय पर मरम्मत के लिए नहीं पहुंचते, जिससे घंटों तक बिजली बंद रहती है। इससे आमजन के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब पांच वर्षों से ग्रामीण समस्या समाधान के लिए विद्युत विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो गांववासी आंदोलन करते हुए भूख हड़ताल शुरू करेंगे।