भावना स्वामी अपहरण प्रकरण में एसपी को सौंपा ज्ञापन

निर्दोष परिजनों को परेशान नहीं करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग

चूरू। चूरू जिला स्वामी विकास समिति ने शुक्रवार को भावना स्वामी अपहरण प्रकरण को लेकर पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। समिति की ओर से एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले में बेगुनाह परिजनों को परेशान नहीं करने की अपील की गई।समिति ने ज्ञापन में बताया कि कोतवाली थाना में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, उनमें भावना स्वामी के पिता सहित कई ऐसे परिजन भी हैं, जिनका मामले से कोई संबंध नहीं है।समिति का कहना है कि केवल शक के आधार पर लोगों को आरोपी बनाना उचित नहीं है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भावना स्वामी के नाना-नानी को पिछले चार दिनों से दूधवाखारा थाना में बैठाकर रखा गया है, जो कानूनन गलत है। इसके अलावा कुछ अन्य परिजनों को भी कोतवाली थाना में बैठाए जाने का आरोप लगाया गया है।चूरू जिला स्वामी विकास समिति ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बेगुनाह लोगों को तुरंत छोड़ा जाए तथा मामले की जांच किसी अन्य अधिकारी से करवाई जाए, ताकि निष्पक्ष तफ्तीश सुनिश्चित हो सके।इस अवसर पर बडी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।