मण्ड्रेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दुष्कर्म का फरार आरोपी अजय कुमार गिरफ्तार

महिला को धमकाकर करता रहा दुष्कर्म, पुलिस टीम ने हरियाणा से दबोचा

झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले के पुलिस थाना मण्ड्रेला ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वहीं चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी कैलाशचन्द के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार परिवादिया ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे, उसके पति और बेटे को जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी लगातार धमकाकर महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के संबंध में सूचनाएं जुटाई और लगातार दबिश दी। आखिरकार 27 मई 2026 को पुलिस ने आरोपी अजय कुमार पुत्र लाल सिंह निवासी मुण्डिया खेड़ा, थाना कनीना, जिला महेन्द्रगढ़ (हरियाणा) को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 26 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल मामले में पुलिस अनुसंधान जारी है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कैलाशचन्द, थानाधिकारी पुलिस थाना मण्ड्रेला , सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद ,कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार शामिल रहें I मण्ड्रेला पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।