नकदी और सोने की चेन लूटने, जबरन शराब पिलाने व जातिसूचक गालियां देने का आरोप
गुढ़ागौड़जी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में युवक को ट्रैक्टर से बांधकर बेरहमी से मारपीट करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राकेश कुमार उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवक से मारपीट करने, नगदी व सोने की चेन छीनने, जबरन शराब पिलाने तथा जातिसूचक गालियां देने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त चार्ज वृत नवलगढ़ हरिसिंह धायल के सुपरविजन में गुढ़ागौड़जी थाना प्रभारी सुरेश कुमार रोलन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 24 मई की रात करीब 8:30 बजे वह गांव में देवसिंह की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान राकेश कुमार पुत्र हेमकरण निवासी छऊ वहां आया और उसे ट्रैक्टर पर बैठाकर ले गया। आरोप है कि रास्ते में आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे 10 हजार रूपये निकाल लिए। इसके अलावा गले से सोने की चेन भी छीन ली। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने उसे जबरन शराब पिलाई, ट्रैक्टर से बांध दिया, कपड़े उतरवा दिए और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की। साथ ही जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश कुमार उर्फ पप्पू (35) निवासी छऊ थाना गुढ़ागौड़जी को उसके गांव से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से घटना में शामिल अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।पुलिस की विशेष टीम में हरिसिंह धायल, आरपीएस, अतिरिक्त चार्ज वृत नवलगढ़ , सुरेश कुमार रोलन, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी गुढ़ागौड़जी , बाबूलाल, सउनि, वृत कार्यालय नवलगढ़ , देवेन्द्र कुमार, कांस्टेबल , सुनील कुमार, कांस्टेबल , संजय सिंह, कांस्टेबल , भूपेन्द्र, कांस्टेबल शामिल रहें । पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत जताई है तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।










