सीपीआई (मार्क्सवादी) का तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू , प्रदेशभर के कार्यकर्ता होंगे शामिल
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा झुंझुनूं में 28 से 30 मई 2026 तक राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिवसीय शिविर झुंझुनूं के मंडावा मोड़ स्थित का. हेतराम बेनीवाल नगर, अंबेडकर भवन में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। शिविर में पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, मजदूर-किसान आंदोलनों तथा सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने का उद्देश्य रखा गया है।प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ वामपंथी नेता एवं पार्टी के प्रमुख वक्ता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में का. बृंदा करात, का. अमराराम, का. अशोक धवले, का. आर. अरूण कुमार एवं का. विक्रम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता अपने विचार रखेंगे। आयोजकों के अनुसार शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है तथा आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पार्टी नेताओं ने बताया कि वर्तमान सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के दौर में आमजन के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा संगठन को गांव-ढाणी तक सक्रिय करने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। विचारधारा और संगठन मजबूती पर रहेगा फोकस – तीन दिवसीय शिविर के दौरान राजनीतिक शिक्षा, जनसंघर्षों की रणनीति, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी मंथन होगा।प्रदेशभर के प्रतिनिधियों का होगा संगम सीपीआई (मार्क्सवादी) के इस राज्य स्तरीय आयोजन को लेकर झुंझुनूं जिले में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी कार्यकर्ता इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव मान रहे हैं।













