नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकराई

कॉन्स्टेबल शहीद, एसएचओ घायल, सुबह 5 बजे सीकर-झुंझुनूं सीमा पर दर्दनाक हादसा, थार सवार दो युवक ग्रामीणों ने दबोचे

सीकर । झुंझुनूं । अजीत जांगड़
जिले में रविवार तड़के नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस टीम एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। पीछा करने के दौरान पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें ड्राइवर कॉन्स्टेबल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी (एसएचओ ) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है। दादिया थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सुबह 3 से 6 बजे तक सघन नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार गाड़ी ने नाकाबंदी तोड़ दी और तेज रफ्तार से नवलगढ़ की ओर भाग निकली।

पीछा करते समय अचानक यूटर्न, हादसे से मची अफरा-तफरी

सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया। बताया जा रहा है कि कच्चे रास्ते पर पहुंचने के बाद थार सवार बदमाशों ने अचानक यूटर्न लिया। इसी दौरान पीछा कर रही पुलिस गाड़ी नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने के बावजूद वाहन में सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में कॉन्स्टेबल की मौत, एसएचओ का इलाज जारी

हादसे में ड्राइवर कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल (42) को गंभीर हालत में नवलगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से सीकर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं एसएचओ अजय सिंह का उपचार नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने अस्पताल पहुंचकर घायल एसएचओ से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कॉन्स्टेबल का शव परिजनों के लिए नवलगढ़ अस्पताल लाया गया।इधर, हादसे के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीणों ने भाग रही थार गाड़ी में सवार दो युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे। वाहन से बीयर के केन भी बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार यह हरियाणा नंबर की थार थी, जो दादिया थाना पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर नवलगढ़ की दिशा में भागी थी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को शोक में डुबो दिया है।

महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन 🔥 Petrol-Diesel Price Protest | Churu News