न्याय टेबल पर समझाइश से बनेगी सहमति, 45 दिवसीय त्वरित न्याय जागरूकता अभियान आज से शुरू
झुंझुनूं । अजीत जांगड़
उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में जिला उपभोक्ता आयोग ने बड़ा नवाचार करते हुए “कंज्यूमर्स वॉइस मिशन 2.0” के साथ 45 दिवसीय त्वरित न्याय जागरूकता अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान की शुरुआत सोमवार 18 मई से होगी। अभियान के तहत न्याय टेबल पर समझाइश और आपसी सहमति बनने वाले मामलों का निस्तारण उसी दिन अथवा अधिकतम 7 दिवस में करने का लक्ष्य तय किया गया है। उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने बताया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की मूल भावना त्वरित न्याय पर आधारित है। अधिनियम की धारा 38(7) में अधिकतम पांच माह में प्रकरणों के निस्तारण का प्रावधान है, ताकि पीड़ित उपभोक्ताओं को शीघ्र राहत मिल सके और न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हो। उन्होंने बताया कि आयोग में लंबित प्रत्येक प्रकरण की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्री-काउंसलिंग करवाई जा चुकी है। इसमें उपभोक्ता और सेवा प्रदाता दोनों पक्षों को 15 दिन में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी न्याय हित में दोनों पक्षों को तीन-तीन अवसर प्रदान किए गए। अध्यक्ष मील ने कहा कि राज्य आयोग के 26 फरवरी 2026 के परिपत्र की पालना करते हुए अब “कंज्यूमर्स वॉइस मिशन 2.0” के माध्यम से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष फोकस किया जाएगा। अभियान के दौरान आयोग सदस्य प्रमेन्द्र कुमार सैनी प्रतिदिन एक घंटे तक न्याय टेबल पर दोनों पक्षों की समझाइश करेंगे। जिन मामलों में आपसी सहमति बन जाएगी, उनका लोक अदालत की भावना से उसी कार्य दिवस में निपटारा किया जाएगा, जबकि शेष मामलों का प्राथमिकता से एक सप्ताह के भीतर निर्णय करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल मुकदमों का निस्तारण नहीं, बल्कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की मूल भावना को धरातल पर लागू करना है। इसके लिए पुरानी पेंडेंसी समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। उपभोक्ता आयोग ने जिले के उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वे आयोग में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने मामलों की प्रभावी सुनवाई करवाएं और इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर त्वरित न्याय प्राप्त करें। गौरतलब है कि “कंज्यूमर्स वॉइस” अभियान के प्रथम चरण में आयोजित न्यायोत्सव के दौरान जिलेभर में तीन लाख से अधिक लोगों को उपभोक्ता जागरूकता की शपथ दिलाई गई थी।
महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन 🔥 Petrol-Diesel Price Protest | Churu News















