एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों के पक्ष आमने-सामने, दो गंभीर घायलों को किया रेफर
खेतड़ी। झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
उपखंड क्षेत्र की रामकुमारपुरा ग्राम पंचायत की काजर वाली ढाणी में रविवार देर शाम जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों के पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर लाठियां और कुल्हाड़ियां चलीं, जिससे दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। जानकारी के अनुसार काजर वाली ढाणी में लंबे समय से जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। रविवार शाम विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। संघर्ष के दौरान एक-दूसरे पर लाठियों और कुल्हाड़ियों से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। थानाधिकारी मोहनलाल ने बताया कि झगड़े में एक पक्ष के नागरमल (63), दिलीप (25) और राजू (34) तथा दूसरे पक्ष की नाराणी देवी (80), श्योकरण (30), विजेश (25) और कमलेश (30) घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घायलों को खेतड़ी के राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल नागरमल को जयपुर तथा दिलीप को नीमकाथाना रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार खेतड़ी अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही खेतड़ी पुलिस थाना टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात को शांत कराया।थानाधिकारी मोहनलाल ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों में से किसी ने भी थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज कर नियमानुसार जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस खूनी झड़प के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है तथा दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।










