साफ-सफाई अपनाएं, डेंगू भगाएं के लगाए नारे
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में डेंगू रोकथाम एवं जनजागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में एएनएमटीसी की नर्सिंग प्रशिक्षु छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर आमजन को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने सीएमएचओ कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सीएमएचओ कार्यालय से प्रारंभ होकर जेपी जानू स्कूल तक पहुंची, जहां छात्राओं ने नारों एवं जनसंदेशों के माध्यम से लोगों को डेंगू के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। रैली के दौरान प्रशिक्षु छात्राओं ने “साफ-सफाई अपनाएं, डेंगू भगाएं”, “घर में पानी जमा न होने दें” जैसे जागरूकता नारों के जरिए लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए। छात्राओं ने आमजन को समझाया कि कूलर, गमले, पुराने टायर एवं अन्य पात्रों में जमा पानी डेंगू मच्छर के पनपने का प्रमुख कारण बनता है। ऐसे में नियमित सफाई, पानी की निकासी एवं स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन से अपने घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा मच्छरों से बचाव के सभी उपाय अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवर लाल सर्वा, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. कुलदीप फौजदार, एएनएमटीसी प्रिंसिपल संतोष सेनी, डाटा मैनेजर राजेश कसवा सहित विभागीय अधिकारी, कार्मिक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।













