जनगणना-2026 का आगाज: अब फील्ड से भेजने होंगे फोटो-वीडियो

झुंझुनूं से रवाना हुईं जनगणना टीमें, प्रशासन सख्त— लापरवाही पर होगी कार्रवाई

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में जनगणना-2026 के प्रथम चरण का शनिवार को औपचारिक आगाज हो गया। नगर परिषद झुंझुनूं कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद प्रगणकों और सुपरवाइजरों की टीमों को हरी झंडी दिखाकर फील्ड के लिए रवाना किया गया। प्रशासन ने इस बार जनगणना कार्य में पारदर्शिता, जवाबदेही और सतत मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया है। कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं सांख्यिकी विभाग की उप निदेशक पूनम कटेवा तथा नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या मौजूद रहे। अधिकारियों ने टीमों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। फील्ड में कार्यरत प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्य से जुड़े फोटो और वीडियो नियमित रूप से साझा करें, ताकि जिला स्तर पर गतिविधियों की निगरानी की जा सके। प्रशासन का मानना है कि इससे जनगणना कार्य अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगा। एडीएम अजय कुमार आर्य ने कहा कि प्रत्येक नागरिक और परिवार का डेटा पूरी ईमानदारी एवं गंभीरता के साथ दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड कार्य की रोजाना समीक्षा करें तथा प्रगणकों और सुपरवाइजरों को आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही अधिकारियों को यह भी कहा गया कि फील्ड कार्य की प्रगति, बैठकों और आयोजनों से जुड़े फोटो-वीडियो तत्काल जिला स्तर पर साझा किए जाएं, ताकि कार्य की सतत मॉनिटरिंग हो सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने विश्वास जताया कि तकनीक आधारित निगरानी और नियमित समीक्षा से जनगणना-2026 का कार्य जिले में अधिक सटीक, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सकेगा।