Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं “एक अच्छा शिक्षक हर पल नया सीखता है, तभी वह विद्यार्थियों को...

“एक अच्छा शिक्षक हर पल नया सीखता है, तभी वह विद्यार्थियों को नई दिशा दे सकता है” — अभिनव सिंघल

एस.एस. मोदी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एस.एस. मोदी विद्या विहार में सोमवार को तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट एवं शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। 22 से 24 जून तक आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन हार्टफुलनेस मेडिटेशन के प्रशिक्षक तेजपाल शेखावत, प्रख्यात शिक्षा विशेषज्ञ, टीईडीएक्स स्पीकर एवं शिक्षा नवप्रवर्तक अभिनव सिंघल तथा कुंती सिंघल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षण में आध्यात्मिकता, सीखने के उद्देश्य, कक्षा प्रबंधन, दक्षतापूर्ण शिक्षण तथा नई शिक्षा नीति आधारित नवाचारों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद शिक्षकों में नई ऊर्जा का संचार करना, विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करना तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। विद्यालय पिछले पांच वर्षों से निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों की शैक्षणिक एवं शोध क्षमताओं को सशक्त बना रहा है।

शिक्षक तनावमुक्त रहेगा तो शिक्षण होगा प्रभावी : तेजपाल शेखावत

प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए तेजपाल शेखावत ने शिक्षकों को श्वास, स्वास्थ्य और अध्यात्म के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन प्रभावी शिक्षण की आधारशिला हैं। नियमित ध्यान, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली न केवल मानसिक शांति प्रदान करती है, बल्कि कार्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास भी बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बच्चों की क्षमताओं को पहचानना चाहिए और उन पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए। विद्यार्थियों को सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा निरंतर मूल्यांकन के माध्यम से उनकी वास्तविक योग्यता को समझने की आवश्यकता है।

शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तक नहीं, जीवन कौशल विकसित करना है : अभिनव सिंघल

द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित शिक्षा विशेषज्ञ अभिनव सिंघल ने अनुभवात्मक शिक्षण, एसटीईएम शिक्षा, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और आलोचनात्मक चिंतन विकसित करना है। सिंघल ने कहा कि एक अच्छा शिक्षक वही है जो स्वयं हर दिन कुछ नया सीखता है। उन्होंने शिक्षकों को ऐसी आधुनिक शिक्षण रणनीतियों से परिचित कराया, जिनसे कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाया जा सकता है। उन्होंने ड्रोन तकनीक, एसटीईएम गतिविधियों तथा परियोजना आधारित शिक्षण को विद्यालयी पाठ्यक्रम से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अपनी चर्चित पहल “एजुकेशन थ्रू मॉन्यूमेंट्स” और “एजुकेशन थ्रू क्रिकेट” का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार शिक्षा को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़कर अधिक व्यावहारिक और जीवनोपयोगी बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा नवीन शिक्षण तकनीकों और नवाचारों की उपयोगी जानकारी प्राप्त की। संवादात्मक और प्रेरणादायक सत्रों ने शिक्षकों को अपने कक्षा-कक्ष में नए प्रयोग करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का सम्मान किया गया। प्राचार्य विजय मसीह ने मुख्य वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के कौशल विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंच संचालन अनिल शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गीलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Advertisement