सीतसर बालाजी मंदिर में केजड़ीवाल परिवार ने लगवाया वाटर कूलर

शीतल जल सेवा अभियान के तहत 20 वाटर कूलर का लक्ष्य हुआ पूरा

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
भीषण गर्मी और हीट वेव के इस दौर में श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। सीतसर बालाजी मंदिर स्थित जल मंदिर में भक्तों के लिए एक बड़ा वाटर कूलर (150 लीटर) लगवाया गया है। यह वाटर कूलर लॉयंस क्लब झुंझुनूं एवं श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती सावित्री देवी वासुदेव प्रसाद केजड़ीवाल मोदी रोड झुंझुनूं की पुण्य स्मृति में उनके परिवारजनों द्वारा भेंट किया गया है। शनिवार को सुबह केजड़ीवाल परिवार के सानिध्य में मंदिर के पुजारी पुष्करलाल पारीक द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इस वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण से पूर्व केजड़ीवाल परिवार ने मंदिर में पूजा की। बालाजी महाराज के प्रसाद भोग लगाया और उसे उपस्थित सभी भक्तों में वितरित किया। इस खास मौके पर दोनों आयोजक संस्थाओं की ओर से केजड़ीवाल परिवार और पुजारी परिवार का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भामाशाह और केजड़ीवाल परिवार के सदस्य पीडीजी एमजेएफ लॉयन श्रवण केजड़ीवाल ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिस शीतल जल मंदिर में यह वॉटर कूलर लगाया गया है। उसका जल्द ही पूरी तरह से जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। इससे मंदिर परिसर में आने वाले हजारों भक्तों को सुचारू रूप से और सुगम तरीके से शीतल जल मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान जानकारी देते हुए श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी डॉ. डीएन तुलस्यान ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत एक अप्रेल को जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की प्रेरणा से हुई थी। कलेक्ट्रेट परिसर में दो वॉटर कूलर लगाकर अभियान का आगाज हुआ था। शुरुआत में कुल 20 वॉटर कूलर लगाने का लक्ष्य तय किया गया था। सीतसर बालाजी मंदिर में यह 20वां वॉटर कूलर लगाकर आज वह लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

अब 30 वाटर कूलर लगाने की तैयारी

डॉ. तुलस्यान ने आगे बताया कि इस पुनीत कार्य को देखकर और भी कई दानदाता लगातार आगे आ रहे हैं। इस भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) को देखते हुए अन्य सार्वजनिक स्थानों का चयन किया जा रहा है। जहां और भी वाटर कूलर लगाए जाना प्रस्तावित है। संस्था का प्रयास है कि इस गर्मी के मौसम में कुल वॉटर कूलरों की संख्या को 30 तक पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

इस सेवा कार्य और लोकार्पण समारोह के दौरान बड़ी संख्या में समाज सेवी, पदाधिकारी और स्थानीय लोग साक्षी बने। जिनमें दानदाता केजड़ीवाल परिवार से एडवोकेट श्रवण केजड़ीवाल, संतोष अनिल केजड़ीवाल, आशीष केजड़ीवाल, रोशनी रुचिन केजड़ीवाल एवं कपिल केजड़ीवाल, श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था से ट्रस्टी डॉ. डीएन तुलस्यान, सीए पवन केडिया, सुनील तुलस्यान, लॉयंस क्लब झुंझुनूं से अध्यक्ष डॉ. देवेंद्रसिंह शेखावत, सचिव लॉयन गोपाल कृष्ण गुप्ता, कोषाध्यक्ष भागीरथप्रसाद जांगिड़, उपाध्यक्ष शिवकुमार जांगिड़, अध्यक्षीय सलाहकार एमजेएफ लॉयन नरेन्द्र व्यास, पूर्व अध्यक्ष कैलाशचंद्र सिंघानिया, किशनलाल जांगिड़, एमजेएफ लॉयन रघुनाथप्रसाद पोद्दार, शिवरतन शर्मा, महिपाल सिंह, प्रहलाद अग्रवाल, शिवकुमार शर्मा प्रेसवाला, सुनिल पाटोदिया वेलफेयर फाउंडेशन के ट्रस्टी प्रदीप पाटोदिया, पंडित पुष्करलाल पारीक, रवि पारीक, विकास पारिक सहित अन्य जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।