गर्मी में आमजन को उठानी पड़ रही है परेशानी
खेतड़ी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे में इन दिनों हो रही अघोषित बिजली कटौती ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन और रात में लगातार हो रही कटौती से लोगो को काफी परेशानी उठानी पड़ रही हैं, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।कस्बे के व्यापारियों का कहना है कि बिजली की आंखमिचौली के कारण कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानों में गर्मी के कारण बैठना मुश्किल हो रहा है, वहीं बिजली से चलने वाले उपकरण बंद रहने से कामकाज ठप पड़ रहा है। छोटे उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली बंद रहती है। रात के समय कटौती होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए तथा यदि मेंटेनेंस या अन्य कारणों से सप्लाई बंद करनी हो तो पहले से सूचना दी जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। ग्रामीण नरेश कुमार, बृजेश जांगिड़, संतोष सैनी ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा रात को बार बार तथा दिन में दो घंटे से तीन घंटे बिजली कटौती की जा रही है। बिजली कटौती होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की जाए तो फोन तक उठाना उचित नहीं समझते, जबकि जिला कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए अधिकारियों को आमजन के फोन रिसीव कर उचित जवाब देने के निर्देश दे रखे हैं। बिजली विभाग द्वारा मेंटीनेंस के नाम पर बिजली कटौती कर आमजन को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि जल्द बिजली विभाग द्वारा नियमित सप्लाई नहीं की गई तो ग्रामीणों की ओर से पावरहाउस का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में देवीपुरा जेईएन ने बताया कि लाइन का कार्य होने के कारण बिजली कटौती की गई है, जल्द सप्लाई सुचारू रूप से कर दी जाएगी।










