खेतड़ी । झुंझुनू । अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे के बाईपास क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक खेत की बाड़ में अचानक आग लग गई। आग चिड़ावा सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण खेत की सूखी बाड़ ने आग पकड़ ली। इस दौरान देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के पेड़-पौधों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से कई पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास किया। ग्रामीणों ने टैंकरों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग मिस्त्री मार्केट की तरफ बढ़ सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।ग्रामीणों ने बताया कि सिंघाना नगरपालिका क्षेत्र में दमकल नहीं होने से आगजनी की घटनाएं होने पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सिंघाना को नगर पालिका का दर्जा मिलने के बावजूद यहां आज तक दमकल की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। आगजनी की घटनाओं के दौरान लोगों को हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड और खेतड़ीनगर पालिका की दमकल पर निर्भर रहना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सिंघाना नगर पालिका क्षेत्र में जल्द से जल्द स्थायी दमकल वाहन और अग्निशमन व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके। इस दौरान ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक टैंकरों से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।













