दिशा डुडी ने 95.20% अंक हासिल कर किया स्कूल टॉप, विज्ञान वर्ग में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
झुंझुनू । अजीत जांगिड़
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ( सीबीएसई ) द्वारा घोषित उच्च माध्यमिक परीक्षा परिणाम में स्थानीय गणपति नगर स्थित न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विज्ञान वर्ग में छात्रा दिशा डुडी ने 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया तथा विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। विद्यालय के अन्य मेधावी विद्यार्थियों में निखिल सोमरा ने 94.40 प्रतिशत, पियूष बोला ने 92.40 प्रतिशत, पल्लवी ने 92.20 प्रतिशत, अविशा चौधरी ने 91.20 प्रतिशत तथा अंजली कुमारी ने 90.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता अर्जित की। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर साबित किया है। इस अवसर पर संस्था निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया, संरक्षिका विनोद ढूकिया तथा सचिव इंजी. पीयूष ढूकिया ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से विद्यार्थी हर लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। संस्था प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को दिया।स्कूल टॉपर दिशा डुडी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और माता-पिता को देते हुए कहा कि शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से ही यह मुकाम हासिल हुआ है। उन्होंने बताया कि उनका सपना भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है। सहायक अभियंता ज्योति ढूकिया, प्रधानाचार्य निधि सिहाग एवं शुभकरण खीचड़ ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों की मेहनत और विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का प्रतिफल है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।













