जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने के दिए निर्देश , एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रखने पर दिया जोर

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में तीन चरणों में आयोजित होने वाले पंचायती राज चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरूवार को सूचना केंद्र सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों का चुनावी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों, व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी एवं कार्मिक पूरी ऊर्जा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्वाचन संबंधी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने तथा चुनाव के दौरान प्रत्येक परिस्थिति में सजग रहकर कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को चुनावी व्यवस्थाओं के प्रति गंभीर रहते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सतर्कता बरतते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना, जिम्मेदारियों के निर्वहन और प्रशासन-पुलिस के बीच समन्वय बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी रामनिवास सहित डीएलएमटी कार्मिकों ने प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।















