झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
भाजपा महिला मोर्चा के तत्वावधान में ‘सशक्त भारत, सशक्त नारी’ थीम पर आयोजित विशाल रैली एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त रूप से स्थापित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य रैली से हुई, जिसका नेतृत्व भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं महिला मोर्चा जिला प्रभारी अरुणा सिहाग ने किया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नारी सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने कहा कि आज की महिला अब “अबला” नहीं बल्कि “सबला” बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय ऐतिहासिक है, जिससे महिलाओं को नीति निर्धारण में सीधी भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज महिलाएं घर की चौखट लांघकर देश सेवा और विकास कार्यों में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव नारी शक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं की वीर प्रसूता धरती पर महिलाओं का जोश इस बात का प्रमाण है कि वे अब अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह जागरूक हो चुकी हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं—जैसे उज्ज्वला योजना एवं ‘लखपति दीदी’ योजना—का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान महिलाओं ने एकजुट होकर समाज में अपनी भागीदारी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला साबित हुआ, बल्कि समाज में नारी सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक संदेश देने में भी सफल रहा।
अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू














