देवता में बाबा हीरामल महाराज मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

महिलाओं की कलश यात्रा का ग्रामीणों ने किया पुष्प वर्षा कर स्वागत

खेतड़ी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के देवता गांव स्थित बाबा हीरामल महाराज मंदिर में बुधवार को साडू माता, भगवान देवनारायण एवं काला गोरा भेरुजी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम गुरुजी शीशराम एवं सेवापति कप्तान राजेंद्र प्रसाद के सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें गुरुजी बाबूलाल, मुखाराम, सांवलराम सहित 31 स्थानों से आए गुरुजी एवं गोठियों की उपस्थिति रही। आयोजन को लेकर पूरे गांव में सुबह से ही धार्मिक वातावरण बना रहा। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस कलश यात्रा मे महिलाओं ने भाग लिया और सिर पर कलश धारण कर भेरुजी मंदिर से बंजारा, पुराना गांव, खतियान, मरोडिया, पंडितों का, कुम्हारों का, राजपूतों का, योगियों का एवं गुर्जरों के मोहल्लों से होते हुए खेल मैदान मार्ग के रास्ते बाबा हीरामल महाराज मंदिर तक यात्रा निकाली। डीजे की धुनों पर महिलाएं नाचती-गाती हुई आगे बढ़ती रही और पूरे रास्ते “देवनारायण भगवान की जय” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई। गुरुजी शीशराम ने बताया कि मूर्तियों में विधि-विधान से प्राण स्थापित किए गए, जिसके बाद हवन, पूर्णाहुति एवं आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान देवनारायण, साडू माता, कालस देव, काला गोरा भेरुजी, जगदंबा माता एवं शंकर दास महाराज को सवा शेर कांसे का भोग अर्पित किया गया।धार्मिक परंपराओं के अनुसार 31 कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में देसी घी से बने विभिन्न पकवानों के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गुरुजी, गोठियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।इससे पूर्व रात्रि में कार्यक्रम का समापन भव्य जागरण के साथ हुआ, जिसमें अलग-अलग स्थानों से आए गुरुजी एवं गोठियों ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे दिन चले इस धार्मिक आयोजन ने गांव के सामाजिक और धार्मिक एकता को भी मजबूती दी। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में गुरुजी, गोठिया एवं ग्रामवासी मौजूद रहे और पूरे दिन देवता गांव में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू