झुंझुनूं में पुलिस का मानवीय चेहरा: स्थापना दिवस पर रक्तदान कर पेश की मिसाल

 झुंझुनूं I अजीत जांगिड़

राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर झुंझुनूं पुलिस ने अपने कर्तव्यों से आगे बढ़कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया और समाज के प्रति अपनी संवेदनशील जिम्मेदारी का परिचय दिया। शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि हर संकट की घड़ी में समाज के रक्षक के रूप में खड़ा होना भी है। उन्होंने रक्तदान को “महादान” बताते हुए कहा कि यह बिना किसी भेदभाव के मानव जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है।व्यस्त ड्यूटी के बावजूद उमड़ा उत्साह – रक्तदान शिविर में सुबह से ही पुलिस लाइन के सभागार में जवानों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। फील्ड ड्यूटी की व्यस्तताओं के बावजूद विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सेवा भावना का परिचय दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र राजावत, उप पुलिस अधीक्षक (सिटी) गोपाल ढाका, उप पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हरिसिंह धायल, कोतवाल श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने स्वयं भागीदारी निभाते हुए जवानों का हौसला बढ़ाया और इस पुनीत कार्य की सराहना की। रक्तदान शिविर के माध्यम से झुंझुनूं पुलिस ने यह संदेश दिया कि वर्दी के पीछे केवल सख्ती ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और सेवा भाव से जुड़ा एक मानवीय चेहरा भी मौजूद है I

अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू